बैंकिंग परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र की छात्रावास में संदिग्ध मौत, रैगिंग और प्रताड़ना के आरोप

परिजनों ने सीनियर छात्र और संस्थान प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप, कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

चूरू। शहर के पंखा सर्किल के निकट स्थित एक निजी छात्रावास में बैंकिंग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने एक सीनियर छात्र पर लगातार रैगिंग, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया।कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार मृतक भवानी शंकर सैनी, निवासी सरदारशहर, ने 28 जून को बैंकिंग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए चूरू स्थित समाज के छात्रावास में प्रवेश लिया था।परिजनों का आरोप है कि छात्र ने घर आने पर बताया था कि छात्रावास में रहने वाला एक सीनियर छात्र अनिल सैनी, निवासी रिड़खला, तथा उसका एक साथी उसे लगातार परेशान करते थे। आरोप है कि दोनों उसके साथ मारपीट करते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह युवक ने पहले अपनी मां और बाद में पिता को फोन कर अपनी परेशानी बताई थी। उसने रूम बदलने की मांग करते हुए कहा था कि संस्थान प्रबंधन से शिकायत करने के बावजूद उसे कोई राहत नहीं मिली और वह स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।परिजनों का कहना है कि युवक के पिता ने दोपहर में संस्थान के प्रधान से फोन पर बात कर बेटे की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया था। कुछ समय बाद संस्थान प्रधान ने फोन कर युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी।मृतक के चाचा बजरंगलाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि लगातार रैगिंग और मानसिक प्रताड़ना के कारण युवक ने आत्महत्या की, अथवा उसकी हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा संस्थान प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।कोतवाली पुलिस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।