समाजसेवा और गौसेवा के संकल्प को किया साकार, नंदीशाला में गोवंशों को सवामणी का भोग लगाकर दी श्रद्धांजलि


झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना के साथ स्वर्गीय गोविंदराम बासोतिया का 83वां जन्मदिवस सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर चूना चौक स्थित पुरोहित बगीची में आयोजित कार्यक्रम में 25 जरूरतमंद परिवारों को एक माह की राशन सामग्री वितरित कर मानव सेवा का अनुकरणीय संदेश दिया गया। कार्यक्रम गोविंदराम चैरिटेबल ट्रस्ट, नवलगढ़ के सौजन्य एवं गौड़ ब्राह्मण महासभा तथा विप्र फाउंडेशन जिला झुंझुनूं के तत्वावधान में चंचलनाथ टीले के पीठाधीश्वर ओमनाथ महाराज के सानिध्य में आयोजित हुआ।
इस दौरान जरूरतमंद परिवारों को आटा, दाल, चीनी, तेल, घी, चायपत्ती, मसाले सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक खाद्य सामग्री की किट प्रदान की गई। साथ ही सभी लाभार्थियों को दक्षिणा भेंट कर सहयोग किया गया। गौड़ ब्राह्मण महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष उमाशंकर महमिया ने स्व. गोविंदराम बासोतिया के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन समाजसेवा और गौसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके सेवा भाव और परोपकारी विचारों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष उनका जन्मदिवस सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया जाता है।
कार्यक्रम के पश्चात नंदीशाला में गोवंशों को मीठा, दलिया एवं सब्जियों की सवामणी का भोग लगाया गया। इसके बाद स्व. बासोतिया के चित्र पर समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्यजनों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर गौड़ ब्राह्मण महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, विप्र फाउंडेशन के जिला संगठन महामंत्री रामगोपाल महमिया, संरक्षक राजेंद्र जोशी, एडवोकेट सुशील कुमार जोशी, ललित जोशी, गोपीराम पुरोहित, पशुपतिनाथ पुरोहित एवं एडवोकेट पंकज बावलिया सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
















