उत्कृष्ट कार्य करने पर आकाशवाणी के कार्यक्रम अधिकारी निरंजन शर्मा का किया अभिनंदन

चूरू। शहर के विश्वकर्मा मंदिर में बुधवार को आकाशवाणी चूरू के कार्यक्रम अधिकारी निरंजन कुमार शर्मा का राजकीय सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने पर व प्रसारण क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उनका भव्य अभिनंदन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में आकाशवाणी से जुड़े उद्घोषकों, कंपेयर्स, तकनीकी कर्मचारियों व गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यक्रम अधिकारी विनोद कुमार हलकिया ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यक्रम अधिकारी अमित कुमार सैनी तथा विशिष्ट अतिथि सीनियर टेक्नीशियन सूर्य प्रकाश बाबल रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि निरंजन शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने आकाशवाणी चूरू के प्रसारण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ-साथ सहकर्मियों के साथ हमेशा आत्मीय और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखा। उद्घोषकों व कंपेयर्स की ओर से आयोजित इस समारोह में वक्ताओं ने शर्मा के सरल व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासनप्रियता तथा सकारात्मक कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका कार्यकाल नए कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा और प्रसारण क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। इस अवसर पर निरंजन कुमार शर्मा का शॉल ओढ़ाकर, साफा पहनाकर, श्रीफल व स्मृति-चिन्ह् प्रदान कर सम्मान किया गया। सम्मान से अभिभूत शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चूरू में सहकर्मियों के साथ बिताया गया समय हमेशा उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियों में रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें यहां सभी का स्नेह, सहयोग और सम्मान मिला, जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे। समारोह के दौरान सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए यादगार अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन मुरारी वशिष्ठ ने किया तथा सभी ने निरंजन शर्मा के उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।