कबीर जयंती महोत्सव में 173 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

टाउन हॉल में जिला स्तरीय समारोह आयोजित, शिक्षा और संगठन की ताकत पर वक्ताओं ने दिया जोर

चूरू। स्थानीय टाउन हॉल में रविवार को संत शिरोमणि कबीर की 629वीं जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। संत कबीर शिक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय संत कबीर जयंती महोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में देश-विदेश से आए समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं और प्रबुद्धजनों ने भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ संत कबीर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण, साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर कलारत्न प्रमोद खेमाणा की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की उन्नति का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने धानक समाज से संगठित होकर शिक्षा, अधिकारों और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।पूर्व सांसद नारायण सिंह केसरी ने समाज की एकजुटता और मजबूत संगठन को समय की आवश्यकता बताया, जबकि पूर्व मंत्री घनश्याम पिरोनिया ने राष्ट्र सेवा और समाज सुधार के कार्यों में सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।

173 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली 173 प्रतिभाओं का सम्मान रहा। इस दौरान सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं, उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा कक्षा 10वीं, 12वीं और स्नातक स्तर पर श्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के.आर. वर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीताराम लुगरिया, प्रदेश महामंत्री (संगठन) महेंद्र बावलिया, प्रदेश महामंत्री गुरु धानका, संत धन्ना दास महाराज, संत सुमिरन दास, के.एल. धानक, नेपाल के गणेश मंडल, संजय पिपरिया, पूर्ण होटला, सोनू कुमार सरोहा, हरिदास कठेरिया, मनीष कठेरिया और गोपाल वर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने संत कबीर के विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।समारोह में समाज सुधार, शिक्षा के प्रसार और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया।कार्यक्रम में सुबेसिंह दहिया, सुमेरमल धानका, सुमेर होटला, सत्यवीर, मदन खरोड़, सीताराम खरोड़, भंवरलाल लुगरिया, पवन होटला, अनीश लुगरिया, पवन बागड़ी, ईश्वर खन्ना, संतोष धानका, गोविन्द इंदौरा, गोविन्द मालासी, मूलचंद धानका, धनपत, अर्जुनलाल, रणजीत लुगरिया, संदीप, मुकेश, दीनदयाल सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जगमाल सिंह और सतवीर खन्ना ने संयुक्त रूप से किया।

173 प्रतिभाओं को किया सम्मानित

सरकारी सेवाओं में चयनित युवा
10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी
स्नातक स्तर पर श्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाली प्रतिभाएं
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले समाजजन

वक्ताओं ने दिए ये संदेश

शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बनाएं
समाज में संगठन और एकता को मजबूत करें
संत कबीर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं
समाज सुधार और शिक्षा प्रसार के लिए मिलकर कार्य करें