इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी डॉक्टर से अभद्रता का आरोप, एसडीएम कोर्ट में किया गया पेश
चूरू। राजकीय भर्तिया अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के साथ अभद्र व्यवहार कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया ने बताया कि 11 जून को कोतवाली पुलिस की टीम शहर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि राजकीय भर्तिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में इलाज कराने आए एक युवक ने ड्यूटी डॉक्टर के साथ विवाद करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी।पुलिस के अनुसार आरोपी अस्पताल परिसर के बाहर भी हंगामा करता रहा और अन्य लोगों को बुलाने की बात कहकर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से वहां से चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने युवक की तलाश शुरू कर दी।तलाश के दौरान शिवम अस्पताल के पास आरोपी युवक मोटरसाइकिल से पुनः अस्पताल की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने आवेश में डॉक्टर को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने की बात स्वीकार की।नाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके नहीं मानने पर शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए वार्ड संख्या चार निवासी 21 वर्षीय कुशाल प्रजापत को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने बताया कि आरोपी की बुलेट मोटरसाइकिल के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस मामले की अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।













