रतनगढ़ फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, गैंगस्टरों का वित्तीय मैनेजर गुजरात से गिरफ्तार

अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार, विदेश में बैठे गैंगस्टरों के आर्थिक नेटवर्क की जांच तेज

चूरू। जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता एवं प्रॉपर्टी डीलर के मकान पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रतनगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों के वित्तीय प्रबंधन का काम संभालने वाले एक युवक को गुजरात से गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुजरात निवासी 43 वर्षीय जयश पुत्र रणछोड़ भाई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जयश विदेश में बैठे गैंगस्टरों के लिए भारत में आर्थिक लेनदेन का काम करता था।पुलिस के अनुसार आरोपी गैंगस्टरों के निर्देश पर संबंधित व्यक्तियों को ऑनलाइन भुगतान करता था, जिससे आपराधिक वारदातों को अंजाम देने में मदद मिलती थी। वित्तीय लेनदेन के जरिए वह गैंग के नेटवर्क को सक्रिय बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था।पुलिस ने आरोपी जयश को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया है। रिमांड के दौरान उससे गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों, आर्थिक लेनदेन और नेटवर्क के संचालन के संबंध में पूछताछ की जाएगी।थानाधिकारी ने बताया कि इस फायरिंग प्रकरण में पुलिस अब तक दो शूटरों, उनके सहयोगी जयपुर निवासी दो युवकों, गैंगस्टर रोहित गोदारा के माता-पिता, वीरेंद्र चारण के पिता तथा वित्तीय मैनेजर जयश सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और एक-एक कड़ी को जोड़कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है। वारदात के पीछे शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा आने वाले दिनों में मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।