डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने भीमसर और नयासर ग्रामीण सेवा शिविरों का किया निरीक्षण, टीकाकरण, टीबी उन्मूलन और आयुष्मान सेवाओं की समीक्षा
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर शुक्रवार को स्वयं मैदान में पहुंचे और भीमसर तथा नयासर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का गहन जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डॉ. गुर्जर ने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण, शिविर में आए लाभार्थियों की बीपी और शुगर जांच, मरीजों को समय पर फॉलोअप सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था, एचपीवी टीकाकरण, टीबी मरीजों के उपचार एवं निक्षय पोषण किट वितरण, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण और एक्टिवेशन सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं, स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली तथा लाभार्थियों को मिल रही सेवाओं की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।
सीएमएचओ ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से संवाद करते हुए निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर स्वास्थ्य विभाग की ऐसी महत्वपूर्ण पहल हैं, जो गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित कर रही हैं और आमजन को उनके घर के निकट ही जांच, उपचार तथा परामर्श की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।डॉ. गुर्जर ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए, टीकाकरण कवरेज को शत-प्रतिशत के करीब पहुंचाया जाए तथा टीबी उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।।उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी और जनसहभागिता के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाया जा सकता है। ग्रामीण सेवा शिविरों के जरिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो रही है।











