दसवीं द्वितीय बोर्ड परीक्षा में विभुति हरितवाल ने 98% अंक हासिल कर किया टॉप, पुनर्मूल्यांकन के बाद खुशी बनी विज्ञान संकाय की अव्वल
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), नई दिल्ली द्वारा घोषित दसवीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षा-2026 एवं बारहवीं पुनर्मूल्यांकन परिणाम में एस. एस. मोदी विद्या विहार ने एक बार फिर शानदार सफलता का परचम लहराते हुए शहर में अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता सिद्ध की है। विद्यालय के उत्कृष्ट परिणाम से प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल है।विद्यालय के प्राचार्य विजय मसीह ने परीक्षा परिणाम की घोषणा करते हुए बताया कि दसवीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षा में विभुति हरितवाल ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बारहवीं के पुनर्मूल्यांकन परिणाम में खुशी ने 96.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर विज्ञान संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दोनों मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में माल्यार्पण कर, मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल, प्राचार्य विजय मसीह तथा हिन्दी विभाग प्रभारी बिनेश शेखावत ने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्राचार्य विजय मसीह ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके अथक परिश्रम, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और जिले का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय के शानदार परीक्षा परिणाम पर पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर अपनी खुशी साझा की। इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों एवं मुंबई प्रवासी ट्रस्टियों शशिकांत मोदी, गीलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी तथा कनिका मोदी सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे संस्था की गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।










