80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली आंधी, सैकड़ों बिजली पोल धराशायी; 23.8 मिमी बारिश से गर्मी से मिली राहत
चूरू। जिले में बीती रात तेज हवाओं के साथ हुई तूफानी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। करीब 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में नुकसान हुआ। बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई, जबकि कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल धराशायी हो गए। शनिवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार, शहर स्थित एसपी कार्यालय परिसर में पहली मंजिल पर लगा टीन शेड तेज हवाओं के दबाव के चलते उखड़कर उड़ गया। करीब 50 फीट लंबा और भारी टीन शेड हवा में उड़ता हुआ एसपी कार्यालय के सामने स्थित पोर्च में जा गिरा। हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था और बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करवाया।
सैकड़ों बिजली पोल गिरे, आपूर्ति रही बाधित
तूफानी आंधी का सबसे अधिक असर बिजली व्यवस्था पर देखने को मिला। चूरू शहर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सैकड़ों बिजली के पोल गिर गए, जबकि कई स्थानों पर विद्युत तार टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई।विद्युत विभाग की टीमें देर रात से ही फाल्ट सुधारने और बिजली व्यवस्था को सुचारू करने में जुटी रहीं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार क्षतिग्रस्त बिजली ढांचे की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

सड़कों पर गिरे पेड़, आवागमन प्रभावित
आंधी और बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से रास्तों को खुलवाया गया।

भीषण गर्मी से मिली राहत
मौसम विभाग के अनुसार जिले में 23.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच हुई बारिश से लोगों को राहत जरूर मिली है, हालांकि तेज आंधी के कारण हुए नुकसान ने प्रशासन और आमजन की चिंता बढ़ा दी है।

प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली के टूटे तारों व क्षतिग्रस्त पोलों से दूर रहने की अपील की है।













