कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग के निर्देश: ओवरलोड वाहनों पर लगातार अभियान, बाल वाहिनियों की होगी नियमित जांच, एसपी कावेन्द्र सिंह सागर का अल्टीमेटम— शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग और बिना हेलमेट वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की गहन समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने झुंझुनूं शहर में अवैध कट तत्काल बंद कराने, वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने तथा मुख्य मार्गों से नियमित अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर स्पीड लिमिट बोर्ड, चेतावनी संकेतक एवं रंबल स्ट्रिप लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ने वाले लिंक मार्गों पर भी आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में झुंझुनूं-उदयपुरवाटी-खंडेला मार्ग के सुरक्षा ऑडिट के लिए प्रस्ताव भेजने, हाईवे की सीमा में आने वाले बिजली के खंभों को हटाने तथा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। परिवहन विभाग को नई इंटरसेप्टर व्हीकल उपलब्ध कराने के लिए भी प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी इड़िएआर एप पर समय पर अपलोड करने, विद्यालयों की बाल वाहिनियों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों की सख्ती से पालना कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बीड़-बगड़ मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़-झंखाड़ हटाने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा विद्यालयी वाहनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरएसआरडीसी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग को राज्य एवं राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े लिंक मार्गों पर आवश्यकता अनुसार स्पीड ब्रेकर बनाने और गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।
एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों, रैश ड्राइविंग करने वालों और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता सतीश चंद्र गुप्ता सहित पुलिस, परिवहन, खनिज, शिक्षा, शहरी निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










