

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
चूरू। जिले में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने बुधवार को सरदारशहर उपखंड के सवाई बड़ी में घासभूमि विकास कार्य के अंतर्गत बीजारोपण किया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला कलक्टर सुराणा ने कहा कि बदलते पर्यावरणीय परिवेश में वृक्षारोपण और जैव विविधता संरक्षण के लिए हम सभी के संकल्पित प्रयास जरूरी हैं। स्थानीय स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले। उन्होंने करड़ घास का बीजारोपण किया और कहा कि घासभूमियों का संरक्षण एवं विकास केवल पशुधन के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन, मृदा एवं जल संरक्षण तथा स्थानीय जैव विविधता को समृद्ध बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जिले में वैज्ञानिक एवं योजनाबद्ध तरीके से घासभूमि विकास के कार्य किए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेंगे।उन्होंने उपस्थितों से बीजारोपण के पश्चात पौध एवं घास की उचित सुरक्षा, नियमित निगरानी तथा आवश्यक रख-रखाव सुनिश्चित करने की अपेक्षा जाहिर की तथा स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से इन प्रयासों को सार्थक करने की बात कही। गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा जिले में विभिन्न स्थानों पर घासभूमियों के संरक्षण एवं विकास के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, पशुधन के लिए गुणवत्तापूर्ण चारा उपलब्ध कराना तथा पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ बनाना है। इस दौरान बीडीओ महेंद्र सोलंकी, भैरोसिंह राजपुरोहित, सांवरमल सहित अन्य उपस्थित रहे।
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
रोड पर स्टंट किया तो अब होगा मुकदमा | युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त | CI गौरव खिड़िया की चेतावनी













