अन्नपूर्णा रसोईयों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती

12 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे, अमानक पाए जाने पर होगी कार्रवाई

चूरू। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर विभिन्न अन्नपूर्णा रसोईयों की जांच की और खाद्य पदार्थों के 12 नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को जांच के लिए जयपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशानुसार जिलेभर में खाद्य पदार्थों के नमूनीकरण एवं निरीक्षण का विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के साथ-साथ खाद्य व्यवसायियों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

चूरू, रतनगढ़ और सरदारशहर में लिए गए नमूने

सीएमएचओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि खाद्य निरीक्षक रतन सिंह गोदारा के नेतृत्व में टीम ने चूरू रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के समीप संचालित अन्नपूर्णा रसोई से मसालों के दो तथा खाद्य तेल के दो नमूने लिए। इसी प्रकार रतनगढ़ में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के पास संचालित अन्नपूर्णा रसोई से आटे के दो और मसालों के दो नमूने एकत्र किए गए। वहीं सरदारशहर स्थित कच्चा बस स्टैंड के समीप संचालित अन्नपूर्णा रसोई से आटा और चावल का एक-एक नमूना तथा तेल के दो नमूने लिए गए।

अस्पताल और मेडिकल कॉलेज कैंटीन का भी निरीक्षण

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व बुधवार को टीम ने चूरू के राजकीय डेडराज भरतिया अस्पताल की कैंटीन से दलिया का नमूना लिया था। इसके अलावा पीडीयू मेडिकल कॉलेज परिसर में संचालित कैंटीन का निरीक्षण कर वहां संचालकों को साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए जयपुर प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच में यदि खाद्य पदार्थ अमानक अथवा सब-स्टैंडर्ड पाए जाते हैं तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।सीएमएचओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।