विधायक हरलाल सहारण, सभापति विनय गोयनका और जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने दिखाई हरी झंडी; विद्यार्थियों, जवानों और नागरिकों ने उत्साह से लिया भाग


चूरू। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को चूरू में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे जिला खेल स्टेडियम से शुरू हुई दौड़ को विधायक हरलाल सहारण, नगर परिषद सभापति विनय गोयनका और जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दौड़ जिला खेल स्टेडियम से पंखा सर्किल होते हुए नेचर पार्क तक निकाली गई। इसमें राजकीय बागला उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों, होमगार्ड जवानों, मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों, पुलिसकर्मियों सहित विभिन्न संस्थाओं के युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, समर्पण और देशहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने कहा कि रन फॉर यूनिटी केवल दौड़ नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देने वाला आयोजन है। वहीं, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि देश की एकता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी संतोष महर्षि, जिला खेल अधिकारी सीताराम प्रजापत, एसीएमएचओ डॉ. अहसान गौरी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सज्जन सिंह सैनी, एईओ स्नेहलता, भाजपा नगर मंडल प्रभारी सुरेश सारस्वत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एपीसी प्रेम सिंह इन्दा ने किया।














