सोशल मीडिया विज्ञापन के जरिए साइबर ठगी, मोबाइल भी हुआ हैक
चूरू। शहर की शेखावत कॉलोनी निवासी एक 25 वर्षीय युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। युवक के बैंक खाते से करीब 5 हजार रुपए पार हो गए, वहीं उसका मोबाइल भी हैक हो गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दी है।कोतवाली थाना साइबर सेल के अनुसार युवक ने सोशल मीडिया पर नमकीन बेचने का एक ऑनलाइन विज्ञापन देखा था, जिसमें आकर्षक ऑफर दिया जा रहा था। ऑफर से प्रभावित होकर युवक ने ऑनलाइन ऑर्डर कर दिया।कुछ देर बाद युवक के पास मैसेज आया कि ऑर्डर में एड्रेस गलत भर गया है। एड्रेस सही करने के बहाने युवक के व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजी गई। जैसे ही युवक ने फाइल पर क्लिक किया, मोबाइल का कंट्रोल साइबर ठगों के हाथ में चला गया और खाते से 5 हजार रुपए निकाल लिए गए।कोतवाली थाना के साइबर प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। त्योहारों और विशेष ऑफर्स के नाम पर फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को जाल में फंसाया जाता है।उन्होंने बताया कि अब जनगणना के नाम पर भी साइबर ठगी के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें बैंक डिटेल, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी मांगी जाती है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध मैसेज पर क्लिक नहीं करें।पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिकारी कभी भी मोबाइल पर कॉल कर बैंक डिटेल, ओटीपी या किसी प्रकार की लिंक अथवा APK फाइल नहीं भेजते।
रतनपुरा में पेयजल संकट पर RLP का बड़ा प्रदर्शन, 60 दिन में समाधान नहीं तो आर-पार की लड़ाई

















