पुलिस परिवार के बच्चों के चेहरों पर बिखेरी दीपावली की खुशियां, रिजर्व पुलिस लाइन में बच्चों को मिठाई व ग्रीन पटाखे बांटकर मनाया दीपोत्सव , पुलिस कार्मिकों के बीच पहुंचकर बढ़ाया मनोबल, एसपी की संवेदनशील पहल ने जीता दिल


झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
वर्दी का फर्ज निभाते हुए मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करना ही एक अच्छे पुलिस अधिकारी की असली पहचान है। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के बीच जब पुलिस का मुखिया अपने ही पुलिस परिवार की खुशियों का सहभागी बनता है तो उसका यह कदम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपनत्व और मानवीय संवेदनाओं का संदेश बन जाता है। दीपावली के पावन पर्व पर झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने कुछ इसी अंदाज में पुलिसिंग के मानवीय चेहरे को सामने रखते हुए पुलिस परिवार के बच्चों और पुलिस कार्मिकों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित इस आत्मीय पहल के दौरान एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने पुलिस परिवार के बच्चों को मिठाई एवं ग्रीन पटाखे वितरित किए। त्योहार पर उपहार और मिठाई पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्मिकों को भी मिठाई वितरित कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके परिवारों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ड्यूटी के दबाव के बीच पुलिस परिवार की खुशियों का रखा ख्याल
गौरतलब है कि त्योहारों के अवसर पर पुलिसकर्मी आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने पारिवारिक दायित्वों से भी ऊपर उठकर ड्यूटी में तैनात रहते हैं। ऐसे में पुलिस अधीक्षक का पुलिस परिवार के बीच पहुंचकर बच्चों के साथ खुशियां बांटना और कार्मिकों का उत्साहवर्धन करना उनके प्रति सम्मान, सहयोग और अपनत्व की भावना को मजबूत करने वाला कदम है। यह पहल पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ यह अहसास भी कराती है कि उनकी सेवाओं और उनके परिवार की खुशियों का भी विभाग में विशेष महत्व है।
एसपी कावेंद्र सिंह सागर की यह पहल पुलिस की पारंपरिक छवि से आगे बढ़कर उनके संवेदनशील और मानवीय पक्ष को उजागर करती है। उन्होंने अपने व्यवहार से यह संदेश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने सहयोगियों के सुख-दुख में सहभागी बनना और उनके परिवारों में आत्मीयता का भाव विकसित करना भी नेतृत्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
दीपावली के अवसर पर पुलिस परिवार के बीच खुशियां बांटने की यह पहल निश्चित रूप से विभागीय सौहार्द, सकारात्मक कार्यसंस्कृति और बेहतर टीम भावना को मजबूती देने वाली रही। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत, वृताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका, कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
















