Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पार्षद पारस वर्मा की पहल लाई रंग , वार्ड-12 में खुले बिजली...

पार्षद पारस वर्मा की पहल लाई रंग , वार्ड-12 में खुले बिजली तारों की जगह बिछने लगी सुरक्षित केबल

खेतड़ी के वार्ड 12 में खुले बिजली तार हटाकर सुरक्षित केबल लगाने का कार्य शुरू करते विद्युत विभाग के कर्मचारी

हादसों का खतरा होगा कम , लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में विद्युत विभाग ने शुरू किया काम


खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कस्बे के वार्ड संख्या 12 में लंबे समय से खुले एवं लटकते विद्युत तारों से बनी दुर्घटना की आशंका अब दूर होने की उम्मीद जगी है। वार्डवासियों की सुरक्षा से जुड़ी इस गंभीर समस्या को पार्षद एडवोकेट पारस वर्मा ने नगरपालिका में प्रमुखता से उठाया था। उनकी पहल के बाद विद्युत विभाग ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को खुले तारों को हटाकर उनकी जगह सुरक्षित केबल लगाने का कार्य शुरू कर दिया। कार्य शुरू होने से वार्डवासियों में खुशी की लहर है।

जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 12 में लुवारा के मकान से नरसिंह जी मंदिर तक विद्युत लाइन के खुले एवं नीचे लटकते तार लंबे समय से परेशानी का कारण बने हुए थे। इन तारों के नीचे से प्रतिदिन वार्डवासियों और राहगीरों का आवागमन होता था। ऐसे में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती थी। विशेष रूप से स्थानीय लोगों को बच्चों एवं परिवारजनों की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी।

वार्डवासियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद एडवोकेट पारस वर्मा ने नगरपालिका में मामला उठाकर विद्युत तारों को सुरक्षित करवाने की मांग की थी। पार्षद के प्रयासों के बाद विद्युत विभाग ने समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया और मंगलवार को खुले तारों को हटाकर सुरक्षित केबल लगाने का कार्य शुरू करवा दिया। पार्षद एडवोकेट पारस वर्मा ने जनहित में कार्य शुरू करवाने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की सुरक्षा, सुविधा और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समाधान करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनका संकल्प है और वार्ड का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है।वार्ड में सुरक्षित केबल लगाने का कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

Advertisement