हीटवेव की चपेट में चूरू, 44.5 डिग्री तापमान ने बढ़ाई परेशानी

तेज गर्मी से जनजीवन प्रभावित, दोपहर में सूने पड़े बाजार; ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी मांग

चूरू। मौसम विभाग के हीटवेव के अलर्ट के बाद चूरू में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। घरों में पंखे, एसी और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं। दोपहर में बाजार और सड़कें सूनी रहती है। सूर्य की तेज तपिश के कारण शाम 6 बजे तक शहर के बाजार सूने दिखाई देते हैं। पिछले पांच दिनों से चूरू में तापमान अपने चरम पर है, जिससे दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर रखा है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नींबू पानी, जूस, आइसक्रीम और अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भी लोगों की काफी भीड़ लगी रहती है। धूप से बचने के लिए लोग सिर पर छाता, दुपट्टा या तौलिया ओढ़कर बाहर निकल रहे हैं।