13 साल बाद पुलिस के शिकंजे में आया इनामी ठग

ट्रैक्टर धोखाधड़ी मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पिलानी थाना व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई

पिलानी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पिलानी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में 13 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रूपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत आरपीएस के मार्गदर्शन तथा चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धिंधवाल आरपीएस के सुपरविजन में पिलानी थानाधिकारी चन्द्रभान के नेतृत्व में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी 2013 को परिवादी नत्थु सिंह ने न्यायालय के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके पास एक सोनालिका ट्रैक्टर था, जिसे आरोपी सुरेश कुमार ने बहला-फुसलाकर आरोपी मनोज कुमार को 2 लाख 85 हजार रुपए में बिकवा दिया। आरोपियों ने प्रारंभ में एक लाख रुपए का भुगतान कर दिया तथा बाकी राशि बैंक की किस्तों के रूप में जमा करवाने का भरोसा दिलाया। विश्वास में आकर परिवादी ने ट्रैक्टर उनके सुपुर्द कर दिया, लेकिन बाद में आरोपियों ने न तो शेष किस्तें जमा करवाईं और न ही बाकी रकम का भुगतान किया। इसके बाद ट्रैक्टर को खुर्दबुर्द कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। मामले की जांच के दौरान आरोपी मनोज कुमार पुत्र सायर सिंह निवासी भुरजट, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाया गया। आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसके चलते न्यायालय में धारा 299 सीआरपीसी के तहत चालान पेश किया गया तथा उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किए गए। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 5 हजार रूपए का इनाम भी घोषित किया गया था। हाल ही में आरोपी के अपने ठिकाने पर आने की सूचना मिलने पर पिलानी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त दबिश देकर 20 मई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस टीम में पुलिस थाना पिलानी चन्द्रभान, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, विनोद कुमार, एएसआई , धर्मवीर कांस्टेबल शामिल रहें वहीं जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) में शशिकांत एएसआई , हरीश हेड कांस्टेबल , संदीप कांस्टेबल , योगेन्द्र कांस्टेबल , कुलदीप कांस्टेबल शामिल रहें I