राजकीय भरतिया अस्पताल की एमसीएच यूनिट परिसर में लगी आग, दमकल ने पाया काबू

कचरे और सूखे पेड़-पौधों में लगी आग से मचा हड़कंप, ऑक्सीजन प्लांट पास होने से टला बड़ा हादसा

चूरू। चूरू के राजकीय भरतिया अस्पताल स्थित मातृ एवं शिशु इकाई परिसर में बुधवार को अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग एमसीएच भवन के पीछे पड़े कचरे और सूखे पेड़-पौधों में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पहली मंजिल की खिड़कियों तक पहुंच गईं और धुएं का गुबार उठने लगा। धुआं उठता देख अस्पताल स्टाफ और मरीजों के परिजनों में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही नगरपरिषद की दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, क्योंकि आग लगने वाली जगह से कुछ ही दूरी पर अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट भी स्थित है। यदि आग वहां तक पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था।एमसीएच की नर्सिंग ऑफिसर उज्जैन ने सबसे पहले आग लगने की जानकारी इमरजेंसी में पहुंचकर नर्सिंग ऑफिसर पूनमचंद और अन्य स्टाफ को दी। इसके बाद अस्पताल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों की सहायता से अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।अस्पताल अधीक्षक डॉ दीपक चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि किसी रोगी के परिजन द्वारा ऊपर से फेंकी गई जलती बीड़ी या सिगरेट के कारण आग लगी होगी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।