बालरासर तंवरान में शिक्षकों की कमी पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, स्कूल पर जड़ा ताला

100 से अधिक विद्यार्थियों पर सिर्फ 4 शिक्षक, समस्या समाधान नहीं होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी

चूरू। जिले के बालरासर तंवरान गांव में शिक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी से नाराज ग्रामीणों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया।ग्रामीणों का आरोप है कि करीब ढाई वर्ष पहले विद्यालय को कक्षा 12वीं तक क्रमोन्नत किया गया था, लेकिन अब तक विषयवार पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई। वर्तमान स्थिति यह है कि 100 से अधिक विद्यार्थियों पर मात्र चार शिक्षक ही कार्यरत हैं, जिससे पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार क्षेत्रीय सांसद एवं विधायक को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मजबूरी में उन्हें विद्यालय पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।अभिभावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। समय पर पढ़ाई नहीं होने से विशेष रूप से बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक विद्यालय में विषयवार पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक मौजूद रहे और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।

चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू