Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं नशे के खिलाफ युवाओं को किया जागरूक , विकसित भारत के लिए...

नशे के खिलाफ युवाओं को किया जागरूक , विकसित भारत के लिए नशामुक्त समाज बनाने का दिलाया संकल्प

डॉ. कपूर थालोर और डॉ. तुलसी शर्मा ने बताए नशे के दुष्परिणाम , जिला युवा अधिकारी मधु यादव ने युवाओं को माय भारत पोर्टल की दी जानकारी

मंडावा। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
युवा पीढ़ी को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजकीय कन्या महाविद्यालय हेतमसर, मंडावा में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र झुंझुनूं एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय हेतमसर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. कपूर थालोर, सीनियर रेजिडेंट डॉ. तुलसी शर्मा और जिला युवा अधिकारी मधु यादव ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. कपूर थालोर ने कहा कि नशा युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ उनके भविष्य को भी प्रभावित करता है। युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करें तथा नशे से पूरी तरह दूर रहें। उन्होंने नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। सीनियर रेजिडेंट डॉ. तुलसी शर्मा ने नशे को व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बड़ी बाधा बताते हुए इसके व्यापक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशे की लत का असर केवल संबंधित व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार और सामाजिक वातावरण पर पड़ता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

जिला युवा अधिकारी मधु यादव ने माय भारत पोर्टल से संबंधित जानकारी देते हुए युवाओं को विभिन्न युवा गतिविधियों एवं सामाजिक सहभागिता के अवसरों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि युवा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ नशामुक्ति का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्या वंदना कुमारी ने की।

उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया। नई किरण नशामुक्ति केंद्र के प्रभारी अविनाश कुमार मील ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर युवाओं के बीच चर्चा एवं विचार-विमर्श हुआ। प्रतिभागियों ने नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। समापन अवसर पर उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के सहायक आचार्य अविनाश कुमार मील, डॉ. योगेंद्र, रविकांत मीणा, प्रियंका, डॉ. अभिलाषा, अशोक कुमार सैनी, प्रियंका कुल्हरी, सुनीता एवं दिनेश का योगदान रहा।

Advertisement