Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू बालिका महाविद्यालय में सजा प्रतिभाओं का मंच, सीबीएम यूथ कार्निवल में...

चूरू बालिका महाविद्यालय में सजा प्रतिभाओं का मंच, सीबीएम यूथ कार्निवल में 325 छात्राओं ने दिखाया हुनर

चूरू बालिका महाविद्यालय में आयोजित सीबीएम यूथ कार्निवल में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेती छात्राएं

लाइब्रेरी से लेकर रैंप वॉक तक दिखा उत्साह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और फूड स्टॉल ने मोहा मन

चूरू। स्थानीय चूरू बालिका महाविद्यालय में गुरुवार को आयोजित सीबीएम यूथ कार्निवल में युवा उत्साह, रचनात्मकता और प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। विभिन्न शिक्षण संस्थानों की 325 छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर छात्राओं के स्वागत के साथ हुआ। महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामगोपाल बहड़ व सचिव भागीरथ शर्मा ने छात्राओं को शुभकामनाएं दी।

प्राचार्य आशा कोठारी ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण धरोहर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नवाचार, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का बेहतर माध्यम हैं। कार्निवल में राजकीय गर्ल्स बागला, राजकीय पुत्री पाठशाला, आदर्श विद्या मंदिर, मेरीगोल्ड, जैन श्वेतांबर, एसके मेमोरियल, राजकीय गोयनका, राजकीय पारख बालिका विद्यालय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों की छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में छात्राओं को महाविद्यालय की लाइब्रेरी, डिजिटल कंप्यूटर लैब, आर्ट एवं क्राफ्ट गतिविधियों और शैक्षणिक संसाधनों से रूबरू करवाया गया। कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की गतिविधियों के माध्यम से उच्च शिक्षा और आधुनिक तकनीक की संभावनाओं की जानकारी दी गई। सेल्फी पॉइंट, रैंप वॉक, स्मार्ट गेम्स और मनोरंजक गतिविधियां छात्राओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न फूड स्टॉल ने कार्निवल की रौनक बढ़ा दी।

छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा और सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रबंध समिति के संयुक्त सचिव राजेश भावसिंहका व सदस्य राजेश मंडावेवाला सहित अनेक अतिथि उपस्थित थे। सीबीएम यूथ कार्निवल ने छात्राओं को मनोरंजन के साथ अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उच्च शिक्षा के नए अवसरों को समझने का शानदार मंच प्रदान किया।

Advertisement