Advertisement
Home राजस्थान चूरू बालिका महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का द्वितीय एकदिवसीय शिविर आयोजित

बालिका महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का द्वितीय एकदिवसीय शिविर आयोजित

चूरू बालिका महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर के दौरान स्वच्छता, नशामुक्ति और मतदान जागरूकता गतिविधियों में भाग लेती छात्राएं
Screenshot

स्वच्छता, नशामुक्ति और मतदान जागरूकता पर हुई गतिविधियां; बाल दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर छात्राओं को दी जानकारी

चूरू। बालिका महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में द्वितीय एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान स्वच्छता जागरूकता, नशामुक्ति अभियान, स्वस्थ लोकतंत्र एवं मतदान जागरूकता के साथ बाल दिवस और भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्राओं ने सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती आशा कोठारी ने छात्राओं को स्वच्छता के महत्व से अवगत करवाते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम अधिकारी कविता पंसारी ने बताया कि नशामुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने मेहंदी के माध्यम से नशामुक्त भारत का संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के जरिए नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के महत्व को दर्शाया।

मतदान जागरूकता और महापुरुषों के जीवन पर चर्चा

शिविर में स्वस्थ लोकतंत्र एवं जागरूक नागरिकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।बाल दिवस के अवसर पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व और विचारों पर प्रकाश डाला गया। छात्राओं को बच्चों के प्रति उनके स्नेह, शिक्षा के प्रति दृष्टिकोण तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित करवाया गया।

वहीं, भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर उनके जीवन, संघर्ष, शौर्य, वीरता और ऐतिहासिक योगदान पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। उनके जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को उनके आदर्शों और देश के प्रति समर्पण की भावना से अवगत करवाया गया।शिविर में महाविद्यालय की व्याख्याता श्रीमती ग्यारसी स्वामी, डॉ. सुशीला नाई तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

Advertisement