Advertisement
Home राजस्थान चूरू पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपादित हो मतगणना कार्य :...

पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपादित हो मतगणना कार्य : सुराणा

चूरू के राजकीय लोहिया महाविद्यालय में पंचायतीराज चुनाव 2026 की मतगणना व्यवस्थाओं की समीक्षा करते जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा और अन्य अधिकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अभिषेक सुराणा ने मतगणना व्यवस्थाओं को लेकर बैठक में अधिकारियों से किया विचार— विमर्श, समुचित प्रबंधन के दिए निर्देश, एसपी निश्चय प्रसाद एम, एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर सहित अधिकारी रहे मौजूद

चूरू । जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अभिषेक सुराणा ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर राजकीय लोहिया महाविद्यालय में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन हेतु 20 नवंबर, 2026 को होने वाली मतगणना के संबंध में अधिकारियों की बैठक लेकर मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मतगणना स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने कहा कि मतगणना कार्य पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपादित किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, मतगणना कक्षों की व्यवस्थाओं तथा अन्य जरूरी प्रबंधों को लेकर अधिकारियों से विचार-विमर्श किया और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। मतगणना स्थल पर व्यवस्थाएं इस प्रकार रहें कि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू, व्यवस्थित एवं निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।बैठक से पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर वहां की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने और किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।

एसपी निश्चय प्रसाद एम ने कानून व सुरक्षा व्यवस्थाओं को माकूल रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का समन्वय रहे तथा सभी गतिविधियों का प्रभावी प्रबंधन किया जाए। उन्होंने मतगणना स्थल पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा अधिकृत व्यक्तियों के आवागमन के लिए निर्धारित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी ने बताया कि मतगणना स्थल के बाहर कानून व सुरक्षा व्यवस्था हेतु सुजानगढ़ एडीएम संतोष कुमार मीना व अंदर की तरफ सीईओ श्वेता कोचर को कार्यपालक मजिस्ट्रेट लगाया गया है। वहीं सभी कार्मिकों व एजेंटो को अपने साथ प्रवेश पास के साथ पहचान आईडी भी लाना चाहिए। उन्होंने कार्मिकों के लिए रहने की व्यवस्था, वाहन पार्किंग, मोबाइल अनुमति व निषेद्य, मोबाइल जमा करवाने के स्थान, आवश्यक बैरिकेडिंग, संकेतक, पेयजल, विद्युत, प्रकाश,अन्य आधारभूत सुविधाओं तथा यातायात डायवर्जन व मतगणना कार्य के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी दी।

इस दौरान सीईओ श्वेता कोचर ने मतगणना स्थल के अंदर पेयजल, पेड कैंटीन, वेटिंग एरिया व प्रवेश— निकास आदि व्यवस्थाओं से अवगत करवाया। इस दौरान सुजानगढ़ एडीएम संतोष कुमार मीना सहित सभी रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी व अन्य मौजूद रहे।

Advertisement