अगस्त क्रांति ने हर भारतीय के मन में भर दिया था स्वराजः डॉ जाखड़

0
625

रैली एवं ‘हिंद स्वराज अपनाओ : सामाजिक सरोकार बढाओ’ संगोष्ठी के साथ अगस्त क्रांति सप्ताह का आगाज, बीकानेर विवि के पूर्व कुलपति डॉ जाखड़, जिला कलक्टर साँवर मल वर्मा, एसपी नारायण टोगस, जोधपुर विवि के डॉ के आर मेघवाल ने की शिरकत

चूरू। बीकानेर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं विचारक डॉ गंगाराम जाखड़ ने कहा है कि देश को बांटने वाले समस्त कुटिल विचारों को अस्वीकार करते हुए गांधी ने पूरे भारत को एकजुट कर वह नेतृत्व दिया कि यह पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल बन गया। हम गांधी से सीखें और उनके मूल्यों को अपनाएं, यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
डॉ जाखड़ मंगलवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150 वें जयंती वर्ष को लेकर आयोजित हो रहे अगस्त क्रांति सप्ताह के पहले दिन कलक्ट्रेट स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर आयोजित संगोष्ठी ‘हिंद स्वराज अपनाओः सामाजिक सरोकार बढाओ’ में बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ, जिला प्रशासन तथा महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति की ओर से आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ जाखड़ ने कहा कि अगस्त क्रांति ने प्रत्येक भारतीय के मन में स्वराज भर दिया और ब्रिटिश हुकूमत को हिलाकर देश की आजादी की बुनियाद पुख्ता की। उन्होंने कहा कि देश की रियासतों ने कभी देश की आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों का विरोध नहीं किया, इसलिए अंग्रेजों ने भी उन्हें खुश करने के लिए विभाजन के साथ आजादी का प्रस्ताव रखा, जिसमें सांप्रदायिक और जातीय भेदभाव को भी बहुत तरजीह दी गई लेकिन गांधी ने अंग्रेजों की कुटिल चाल को हमेशा अस्वीकार किया। गांधीजी के नेताजी सुभाष, चर्चिल, बर्नाड शॉ सहित विश्व की महान विभूतियों से जुड़े प्रसंग सुनाते हुए डॉ जाखड़ ने कहा कि जो भी गांधीजी से मिलता था, उनका मुरीद हो जाता था। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने उन्हें पहली बार राष्ट्रपिता कहा। स्वराज शब्द की चर्चा करते हुए डॉ जाखड़ ने कहा कि स्वराज का आशय है- स्वयं पर राज। गांधीजी स्वयं पर राज करने वाले नहीं होते तो पूरा देश, पूरी दुनिया एक व्यक्ति की धुरी पर नहीं चलती। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि समय बड़ा कठिन है, इसे संभाल कर रखें। जो व्यक्ति समय का साथ देगा, समय उसका साथ अवश्य देगा। अपने संबोधन में चूरू के क्रांतिकारी संत स्वामी गोपालदास का स्मरण करते हुए उन्होंने सार्थक आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं गांधी-150 समिति का आभार जताया।

जिले के सभी कॉलेज में स्थापित हुए गांधी कॉर्नर

जिला कलक्टर साँवर मल वर्मा ने कहा कि यह आयोजन तभी सार्थक होंगे, जब हम गांधी के जीवन मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करेंगे। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक दुलाराम सहारण एवं उपखंड संयोजक रियाजत खान के प्रयासों से भूतोड़िया फाउंडेशन के सहयोग से जिले के सभी महाविद्यालयों में गांधी साहित्य एवं गांधी दर्शन कॉर्नर स्थापित किया गया है।।

हम दुनिया में कहीं भी जाएं, हमारी पहचान गांधी से

मुख्य वक्ता जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ के आर मेघवाल ने कहा कि हम विश्व के किसी भी कोने में चले जाएं, हमारी पहचान गांधी से होती है। गांधी ने देश के हर तबके को साथ लेकर आजादी की लड़ाई लड़ी, उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकार को अपनाएंगे, तभी यह देश और समाज आगे बढेगा। उन्होंने अगस्त क्रांति सप्ताह पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि गांधी जीवन के हर क्षेत्र में हमारा मार्गदर्शन करते हैं।रहे

समूची दुनिया को राह दिखा रहे गांधी

गांधी-150 के उपखंड संयोजक रियाजत खान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अगस्त क्रांति सप्ताह के आयोजनों की जानकारी दी और कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने शासन, अर्थव्यवस्था और समाज को लेकर जो विचार दिए, वे आज पूरे विश्व का मार्गदर्शन कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस, अतिरिक्त जिला कलक्टर लोकेश कुमार गौतम, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास जाट, सह-संयोजक रतन लाल जांगिड़ ने भी विचार व्यक्त करते हुए गांधी के विचारों की प्रासंगिकता को रेखांकित किया। एसडीएम अभिषेक खन्ना ने आभार जताया। जिला संयोजक दुलाराम सहारण ने वक्ताओं को ‘हिंद स्वराज’ के राजस्थानी अनुवाद पुस्तक की प्रति भेंट की। संचालन गांधी-150 प्रकोष्ठ अधिकारी उम्मेद गोठवाल एवं साहित्यकार कमल शर्मा ने किया।

रैली निकालकर दिया सत्य व अहिंसा का संदेश

इस पूर्व बीकानेर विवि के पूर्व कुलपति डॉ जाखड़, जिला कलक्टर वर्मा, एसपी नारायण टोगस, जिला संयोजक दुलाराम सहारण ने हरी झंडी दिखाकर इंद्रमणि पार्क से रैली को रवाना किया। रैली शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए गांधी प्रतिमा स्थल पहुंची। गांधी प्रतिमा स्थल पर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित की। रैली में गांधीवादी कार्यकर्ता, खिलाडी, एनएसएस-एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक, गणमान्य नागरिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आदि ने भाग लिया।

अधिकारी, जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस दौरान नगर परिषद कमिश्नर द्वारका प्रसाद, सीडीईओ लालचंद वर्मा, बीसूका समिति के पूर्व सदस्य जमील चौहान, डॉ कृष्णा जाखड़, डीईओ माध्यमिक निसार खान, विकास मील, मुबारिक अली, एडीईओ सांवर मल गुर्जर, डिस्कॉम एसई के के कस्वां, पीएचईडी एक्सईएन रामकुमार झाझड़िया, गांधी प्रकोष्ठ के दयापाल सिंह पूनिया, महिला अधिकारिता विभाग के संजय महला, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अशफाक खान, सीडीपीओ सीमा सोनगरा, नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक एमआर जाखड़, लोहिया कॉलेज के प्राचार्य दिलीप पूनिया, हेमंत मंगल, जावेद खान, जिला खेल अधिकारी ईश्वर सिंह लांबा, कृषि उपनिदेशक दीपक कपिला, तहसीलदार पृथ्वी सिंह, महेश मिश्रा, दीपिका सोनी, विनोद ईसराण, स्काउट-गाइड के ओमप्रकाश मेघवाल, सिराज खां जोइया, ज्योति सिंह, सुनीता बाकोलिया, संजय दीक्षित, सलीम चौहान, प्रताप पूनिया, लाभचंद सोनी, संजय बुरड़क, काजी अब्बास, योगेंद्र शर्मा, जगदीश धन्नावंशी, हेतराम प्रजापत तारानगर, पार्षद रामेश्वर नायक, ओमप्रकाश बाकोलिया सहित अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, नागरिक मौजूद रहे

श्रमदान, पौधरोपण एवं संगोष्ठी मंगलवार को, राजस्थान हिंदी ग्रंथ अकादमी के निदेशक डॉ बीएल सैनी आएंगे

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150 वें जयंती वर्ष को लेकर आयोजित हो रहे अगस्त क्रांति सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में कस्तूरबा गांधी पुष्प वाटिका एवं कुंभाराम आर्य वाटिका में श्रमदान एवं पौधरोपण किया जाएगा।
एडीएम लोकेश कुमार गौतम ने बताया कि सवेरे 8 बजे होने वाले श्रमदान एवं पौधरोपण में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं नगर परिषद कामिकों की सहभागिता रहेगी। उन्होंने श्रमदान एवं पौधरोपण के दौरान व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद आयुक्त, उप वन संरक्षक, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया है। गांधी-150 के जिला संयोजक दुलाराम सहारण ने बताया कि मंगलवार दोपहर 3 बजे जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद सभागार में ‘हिंद स्वराज : सत्याग्रह, आत्मबल’ विषयक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता राजस्थान हिंदी ग्रंथ अकादमी के निदेशक डॉ बीएल सैनी, राजस्थान विवि के पूर्व सिंडिकेट सदस्य प्रो. एचआर ईसराण रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here