Advertisement
Home राजस्थान चूरू निर्वाचन पर्यवेक्षक डॉ. महेन्द्र खड़गावत ने बीदासर क्षेत्र के 21 मतदान केंद्रों...

निर्वाचन पर्यवेक्षक डॉ. महेन्द्र खड़गावत ने बीदासर क्षेत्र के 21 मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

मतदान व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मतदाताओं से किया संवाद; निर्भीक होकर अधिकाधिक मतदान करने के लिए किया प्रेरित

चूरू। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत निर्वाचन पर्यवेक्षक डॉ. महेन्द्र खड़गावत ने गुरुवार को बीदासर पंचायत समिति क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 21 मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया एवं निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से संवाद कर उनके उत्साह और मतदान अनुभवों की जानकारी भी ली।

मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डॉ. खड़गावत ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, मतदान कक्षों की स्थिति, सुरक्षा इंतजाम और मतदान दलों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान कार्मिकों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इन मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

सहायक नोडल अधिकारी ओमप्रकाश फगेड़िया ने बताया कि निर्वाचन पर्यवेक्षक ने ढढेरू भामुवान के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बूथ संख्या 96, 97 और 98 का निरीक्षण किया।इसी प्रकार चाड़वास के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बूथ संख्या 85, 86, 87 और 88 तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बूथ संख्या 89, 90 और 91 की व्यवस्थाएं देखीं।सांडवा में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के बूथ संख्या 111 तथा लक्ष्मीनारायण तापड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के बूथ संख्या 110 और 112 से 119 तक के मतदान केंद्रों का जायजा लिया। इसके अलावा मानपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित बूथ संख्या 107 सहित कुल 21 मतदान बूथों से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

मतदाताओं से संवाद कर मतदान के लिए किया प्रेरित

इस दौरान डॉ. खड़गावत ने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक और सुविधाजनक वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया सुगम, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Advertisement