दीपावली पर आश्रम की बहनों को बिजली कटौती से मिलेगी राहत; स्व. मोहम्मद आमीन भिश्ती की पुण्य स्मृति में किया गया सेवा कार्य

चूरू। दीपावली के पावन पर्व पर लायंस क्लब ने सेवा और सहयोग की भावना के साथ स्थानीय स्वयंसिद्धा आश्रम में एक इनवर्टर और दो बैटरियां भेंट कीं। इस पहल से आश्रम में निवासरत विशिष्ट महिलाओं को बिजली कटौती के दौरान होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।क्लब एडमिनिस्ट्रेटर लायन सुनील रंजन टकनेत ने बताया कि यह सेवा कार्य लायन मोहम्मद अल्ताफ भिश्ती के आर्थिक सौजन्य से उनके पूज्य पिता स्व. मोहम्मद आमीन भिश्ती की पुण्य स्मृति में किया गया।
नर सेवा ही नारायण सेवा : संजीव वर्मा
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष लायन संजीव कुमार वर्मा ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। दीपावली के उल्लासपूर्ण वातावरण में आश्रम की बहनों के जीवन में प्रकाश और सुविधा लाने का यह प्रयास क्लब की निरंतर सेवा भावना को दर्शाता है।दानदाता लायन मोहम्मद अल्ताफ भिश्ती ने कहा कि अपने पिता स्व. मोहम्मद आमीन भिश्ती की स्मृति में जरूरतमंदों की सेवा करने से आत्मिक शांति मिलती है। उन्होंने भविष्य में भी समाज सेवा के कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जरूरतमंदों की सहायता के लिए क्लब सदैव तत्पर
सेवा प्रभारी लायन शैलेन्द्र माथुर ने क्लब की ओर से संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए लायंस क्लब सदैव तत्पर रहता है। आश्रम प्रभारी संगीता पुजारी ने लायंस क्लब और भामाशाह लायन मोहम्मद अल्ताफ भिश्ती का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इनवर्टर और बैटरियों की उपलब्धता से बिजली कटौती के दौरान आश्रम की बहनों को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में क्लब कोषाध्यक्ष लायन राजीव चाहर, एमजेएफ लायन चंद्रशेखर अग्रवाल, पवन शर्मा सहित क्लब के कई सदस्य और आश्रम के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।













