ग्लास कलेक्शन, जंपिंग रेस, बंदनवार सजाओ और रस्साकशी प्रतियोगिताएं आयोजित, आज रक्तदान शिविर व पुरस्कार वितरण समारोह
चूरू। अग्रवाल समाज एवं श्रीअग्रसेन जयंती समारोह समिति के तत्वावधान में चांदनी चौक स्थित श्रीअग्रसेन भवन में आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत शनिवार को विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बच्चों, युवतियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महोत्सव के दौरान ग्लास कलेक्शन, जंपिंग रेस, बंदनवार सजाओ और रस्साकशी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया, वहीं दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। महिलाओं ने डांडिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
आज निकलेगी प्रभात फेरी, लगेगा रक्तदान शिविर
महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत रविवार, 11 अक्टूबर को विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से होगी। मानव सेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा।
शाम 7 बजे होगा पुरस्कार वितरण समारोह
महोत्सव के समापन अवसर पर रविवार शाम 7 बजे श्रीअग्रसेन भवन में भव्य पारितोषिक वितरण समारोह एवं ‘श्रीअग्रसेनजी का खजाना’ कार्यक्रम आयोजित होगा। समारोह में नगर परिषद सभापति विनय गोयनका विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य समाज में आपसी सहयोग, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना तथा बच्चों, युवाओं और महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है।













