खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शोभायात्रा, रक्तदान एवं प्रतिभा सम्मान सहित होंगे विविध आयोजन
चूरू। अग्रवाल समाज, चूरू की ओर से समाज के कुल प्रवर्तक महाराजा श्री अग्रसेन की जयंती के उपलक्ष्य में 7 से 11 अक्टूबर तक पांच दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में बच्चों, महिलाओं, युवाओं सहित समाज के सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए खेलकूद, मनोरंजक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न आयोजन होंगे। महोत्सव के लिए अग्रवाल समाज की ओर से सोमवार को गढ़ चौराहे से सुभाष चौक तक आमजन को कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया और निमंत्रण पत्र वितरित किए गए।
क्रिकेट प्रतियोगिता से होगा शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ 7 अक्टूबर, बुधवार को सुबह 6.15 बजे गोगाजी मेला ग्राउंड, चूरू में क्रिकेट प्रतियोगिता के साथ होगा। 8 अक्टूबर को महिलाओं के लिए वन मिनट गेम, बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता, हाउजी एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं 9 अक्टूबर को नो गैस कुकिंग, कलेक्ट द कॉइन, म्यूजिकल चेयर एवं डांडिया जैसे आकर्षक कार्यक्रम होंगे। 10 अक्टूबर को गिलास कलेक्शन, जंपिंग रेस, बंदरवाल सजाओ तथा रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
11 अक्टूबर को होंगे मुख्य आयोजन
महोत्सव के मुख्य दिवस 11 अक्टूबर, रविवार को सुबह 7.15 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद 9.15 बजे ध्वजारोहण होगा तथा सुबह 11.15 बजे से रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘प्रतिभा सम्मान’ समारोह आयोजित होगा। इसमें शैक्षणिक क्षेत्र, विशेष योग्यता, राजकीय प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। दोपहर 3 बजे श्री धोली सती दादी मंदिर से श्री अग्रसेन भवन तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। महोत्सव के अधिकांश कार्यक्रम चांदनी चौक स्थित श्री अग्रसेन भवन में आयोजित होंगे। आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से पांच दिवसीय महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया है।














