Advertisement
Home राजस्थान चूरू जिला जेल चूरू में नशामुक्त परिवार मैराथन का आयोजन

जिला जेल चूरू में नशामुक्त परिवार मैराथन का आयोजन

जिला जेल चूरू में नशामुक्त परिवार मैराथन में शामिल बंदी और प्रतिभागी

करीब 250 बंदियों और 50 जेल स्टाफ व अतिथियों ने लिया हिस्सा, नशामुक्ति का दिया संदेश

चूरू। अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के निर्देशन में चल रहे अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के चौथे दिन जिला कारागार चूरू में ‘पर्यावरण शुद्धि दिवस’ एवं ‘नशामुक्त परिवार मैराथन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अणुव्रत समिति चूरू के तत्वावधान में जेल अधीक्षक जगदीश पूनिया की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा चूरू जिला अध्यक्ष बसंत शर्मा रहे।कार्यक्रम की शुरुआत जेल अधीक्षक, कार्यक्रम अध्यक्ष और अन्य अतिथियों का अणुव्रत का पट्टा पहनाकर स्वागत-सत्कार करने के साथ हुई। समिति संरक्षिका रचना कोठारी ने नशामुक्त परिवार अभियान और मैराथन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि वर्तमान समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना जरूरी है। उन्होंने जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक नियम अपनाकर जीवन को बेहतर बनाने का संदेश दिया।

बंदियों को दिलाया नशामुक्ति का संकल्प

मुख्य अतिथि बसंत शर्मा ने जिला जेल में मौजूद बंदियों को अणुव्रत के नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया। समिति मंत्री एडवोकेट ताहिर खान ने कहा कि नशामुक्ति अभियान को जेलों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे और उससे जुड़े अपराधों से प्रभावित लोगों के बीच जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।

300 से अधिक लोगों ने लगाई मैराथन

कार्यक्रम के बाद जिला जेल परिसर में करीब 250 बंदियों तथा 50 जेल स्टाफ एवं अतिथियों ने नशामुक्त परिवार अभियान के संदेश के साथ मैराथन में भाग लिया। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से जुड़े स्लोगन दोहराते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

मैराथन के बाद सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

समिति अध्यक्ष लक्ष्मी कोठारी ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्नेहलता, जिला युवा अधिकारी (माय भारत, चूरू), तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्ष राजश्री सिंधी, सदस्य संतोष बेद, तेरापंथ युवक परिषद सदस्य विकास बांठिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन जेलर सुगर सिंह ने किया।

Advertisement