सर्किट हाउस से आपणी योजना कार्यालय होते हुए निकाला विरोध मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ की नारेबाजी और कार्रवाई की मांग
चूरू। मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को चूरू में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस से जिला कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला और कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और इस्तीफे की मांग उठाई।
सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सर्किट हाउस पर एकत्रित हुए। यहां से विरोध मार्च शुरू होकर आपणी योजना कार्यालय होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और जिसे कांग्रेस ‘वोट चोरी’ बता रही है, उसके विरोध में आवाज उठाई। कलेक्ट्रेट पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने कार्यालय का घेराव किया।
जिलाध्यक्ष मनोज मेघवाल बोले- मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस मताधिकार और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग में अन्य आयुक्तों की आपत्तियों को दरकिनार कर फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सांसद राहुल कस्वां ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
चूरू सांसद राहुल कस्वां ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से जुड़े मामलों में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया ने उठाई लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर आवाज
तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ कार्यकर्ताओं को यह मुद्दा जनता के बीच ले जाना चाहिए। उन्होंने निकाय चुनाव में परिसीमन और प्रशासनिक भूमिका को लेकर भी आरोप लगाए।
रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने लगाया मिलीभगत का आरोप
रतनगढ़ विधायक पुसाराम गोदारा ने निर्वाचन आयोग और भाजपा के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
पूर्व मंत्री कृष्णा पूनियां बोली ने उठाए नियुक्ति को लेकर सवाल
पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री कृष्णा पूनियां ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए।
AICC सविच रेहाना रियाज बोली आरोपियों को जेल में डालो
सविच रेहाना रियाज ने कहा कि जिन लोगों ने लोकतंत्र के साथ खिलवाड करने की कोशिश की है उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाही करते हुए उनको कडी से कडी सजा मिलनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने उठाई मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान एआईसीसी सदस्य तनवीर खान, पीसीसी सचिव रियाजत खान, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट सुनीता कपूरिया, अरविंद बाघ ने भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग दोहराई।
प्रदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर अपना विरोध जारी रखने की बात कही।
जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंककर जताया रोष
महंगाई, बिजली-पानी संकट और नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन













