चूरू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
चूरू । बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि, बिजली-पानी की समस्याओं तथा नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सोमवार को चूरू शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और देहात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया।कांग्रेस कार्यकर्ता उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और विभिन्न जन समस्याओं को लेकर रोष जताया गया। इसके बाद उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में कहा गया कि लगातार बढ़ रही महंगाई तथा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि ने आम नागरिकों, किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है।
निवर्तमान सभापति पायल सैनी ने बताया कि बढ़ते जीवन यापन खर्च से आमजन का घरेलू बजट बिगड़ता जा रहा है।कांग्रेस ने चूरू विधानसभा क्षेत्र में अनियमित बिजली आपूर्ति, बार-बार हो रही कटौती और पेयजल संकट को भी गंभीर समस्या बताते हुए नियमित विद्युत आपूर्ति और पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।इसके साथ ही नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग भी ज्ञापन में की गई।










