Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं 20 नवंबर को खुलेगा पंचायतीराज चुनाव का जनादेश , सुबह 8 बजे...

20 नवंबर को खुलेगा पंचायतीराज चुनाव का जनादेश , सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना 

झुंझुनूं के सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज में 20 नवंबर को होने वाली जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की मतगणना की तैयारियां

एक ही ईवीएम से आएगा दो पदों का परिणाम, सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज में जिला परिषद और 14 पंचायत समितियों के मतों की होगी गिनती, गुढ़ागौड़जी व खेतड़ी में लगेंगी सर्वाधिक 12-12 टेबल , अभ्यर्थियों और निर्वाचन अभिकर्ताओं के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पंचायतीराज आम चुनाव – 2026 के मतदान के बाद अब चुनावी नतीजों का इंतजार खत्म होने वाला है। 20 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव की मतगणना के साथ ही जिले के ग्रामीण सियासी समीकरणों की तस्वीर साफ हो जाएगी। जिला मुख्यालय स्थित सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए विस्तृत व्यवस्था निर्धारित की है। इसके तहत जिले की सभी 14 पंचायत समितियों के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष, टेबल, कार्मिक और सुरक्षा इंतजाम तय किए गए हैं।

इस बार मतगणना की प्रक्रिया में एक खास तकनीकी व्यवस्था रहेगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए एक ही ईवीएम कंट्रोल यूनिट का इस्तेमाल किया गया है। ऐसे में दोनों पदों के मतों की गणना एक ही कक्ष में संयुक्त रूप से होगी। गुढ़ागौड़जी और खेतड़ी में सर्वाधिक 12-12 मतगणना टेबल लगाई जाएंगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) निर्मित मल्टी पोस्ट मल्टी वोट (एमपीएमवी) मशीनों से करवाए गए हैं। इन मशीनों में दोनों पदों के लिए एक ही कंट्रोल यूनिट का उपयोग किया गया है।

इसलिए दोनों पदों की मतगणना अलग-अलग कक्षों में करने के बजाय एक ही कक्ष में की जाएगी। कंट्रोल यूनिट का पावर स्विच ऑन करने के बाद परिणाम बटन दबाया जाएगा। इसके बाद मशीन की स्क्रीन पर पहले जिला परिषद सदस्य पद और फिर पंचायत समिति सदस्य पद का परिणाम प्रदर्शित होगा। कंट्रोल यूनिट के दोनों ओर संबंधित पदों के मतों का परिणाम संकलित किया जाएगा। मतगणना के प्रत्येक चरण में प्राप्त मतों को निर्धारित प्रपत्रों में दर्ज किया जाएगा।

14 पंचायत समितियों के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष, टेबलों का भी निर्धारण

जिले की सभी 14 पंचायत समितियों के लिए मतगणना स्थल पर अलग-अलग कक्ष और टेबल निर्धारित की गई हैं। झुंझुनूं पंचायत समिति के लिए शिक्षा संकुल केंद्र के प्रथम तल पर कक्ष संख्या 203 तथा चिड़ावा के लिए कक्ष संख्या 206 में 10-10 टेबल लगेंगी। पिलानी के लिए मुख्य भवन के भूतल पर कक्ष संख्या 06 में 8, सूरजगढ़ के लिए विज्ञान संकाय के भूतल पर कक्ष संख्या 02 में 8 तथा बुहाना के लिए कक्ष संख्या 05 में 9 टेबल निर्धारित की गई हैं।

इसी प्रकार सिंघाना पंचायत समिति के लिए मुख्य भवन के भूतल पर कक्ष संख्या 07 में 8, नवलगढ़ के लिए शिक्षा संकुल केंद्र के प्रथम तल पर कक्ष संख्या 209 में 10, गोठड़ा के लिए विज्ञान संकाय के प्रथम तल पर कक्ष संख्या 9ए में 10 तथा उदयपुरवाटी के लिए मुख्य भवन के प्रथम तल पर कक्ष संख्या 23 में 10 टेबल लगाई जाएंगी।

गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति के लिए शिक्षा संकुल के भूतल पर कक्ष संख्या 103 में सर्वाधिक 12 टेबल निर्धारित की गई हैं। खेतड़ी के लिए शिक्षा संकुल के द्वितीय तल पर कक्ष संख्या 304 में भी 12 टेबल लगेंगी। वहीं बबाई के लिए विज्ञान संकाय के प्रथम तल पर कक्ष संख्या 08 में 9, अलसीसर के लिए शिक्षा संकुल के द्वितीय तल पर कक्ष संख्या 310 में 10 तथा मंडावा के लिए शिक्षा संकुल के भूतल पर कक्ष संख्या 106 में 10 टेबल निर्धारित की गई हैं।

हर टेबल पर तीन कार्मिक , अभ्यर्थियों के बैठने की भी व्यवस्था

मतगणना की प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और दो गणना सहायक नियुक्त किए जाएंगे। ईवीएम की कंट्रोल यूनिट टेबल के मध्य में रखी जाएगी। मतगणना के दौरान अभ्यर्थियों और उनके अधिकृत निर्वाचन अभिकर्ताओं के बैठने के लिए भी निर्धारित व्यवस्था रहेगी, ताकि पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हो सके।

मतगणना स्थल पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रवेश द्वारों का भी अलग-अलग निर्धारण किया गया है। सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज में अभ्यर्थियों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को गेट संख्या-03 से प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना कार्मिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के लिए गेट संख्या-02 निर्धारित किया गया है, जबकि रिटर्निंग अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को गेट संख्या-01 से प्रवेश मिलेगा।

मतगणना कक्ष में केवल निर्वाचन आयोग से अधिकृत व्यक्तियों, निर्वाचन अधिकारियों, अभ्यर्थियों और उनके अधिकृत अभिकर्ताओं को ही प्रवेश की अनुमति होगी। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। मतगणना परिसर में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थ भी परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 128 के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत मतगणना कार्य से जुड़े प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और अभिकर्ता के लिए मतदान की गोपनीयता बनाए रखना अनिवार्य होगा।

गोपनीयता भंग करने पर तीन माह तक के कारावास अथवा जुर्माने या दोनों से दंडित किए जाने का प्रावधान है। प्रशासन ने मतगणना से संबंधित सभी तैयारियों को लेकर अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब 20 नवंबर की सुबह आठ बजे से शुरू होने वाली मतगणना पर पूरे जिले की निगाहें रहेंगी।

जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक किसके सिर जीत का ताज सजेगा और किन प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ेगा, इसका फैसला मतगणना के साथ सामने आएगा।

Advertisement