वार्ड 28, 52, 54 और 55 में सफाई, सीवरेज, बिजली व सड़क व्यवस्थाओं का लिया जायजा; जलभराव, अतिक्रमण और पाइपलाइन लीकेज की समस्याएं भी सामने आईं
चूरू। नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने शनिवार को शहर के वार्ड संख्या 28, 52, 54 एवं 55 का औचक निरीक्षण कर विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सफाई, जल निकासी, बिजली, सड़क, सीवरेज और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। सभापति ने मौके पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।सभापति के अचानक वार्डों में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया। गोयनका ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान में तत्परता बरतने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
नालों और सीवरेज चेम्बरों की सफाई पर जोर
निरीक्षण के दौरान वार्डों में बिजली के तारों की स्थिति, गंदे पानी की निकासी, नालों एवं ड्रेनेज व्यवस्था और सीवरेज योजना के चेम्बरों की सफाई का जायजा लिया गया। सभापति ने निर्देश दिए कि नालों और सीवरेज चेम्बरों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि गंदे पानी की निकासी बाधित न हो और बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।उन्होंने जिन स्थानों पर गंदगी और कचरा जमा है, वहां तत्काल सफाई करवाने तथा वार्डों में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करवाने और आवश्यकता के अनुसार पेड़ों की कटाई-छंटाई करने को कहा।
अतिक्रमण और पाइपलाइन लीकेज पर कार्रवाई के निर्देश
सभापति ने निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों और रास्तों पर अतिक्रमण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण के स्थानों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।वहीं, पानी की पाइपलाइन में लीकेज के कारण सड़कों पर बह रहे पानी की समस्या का भी तत्काल समाधान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल की बर्बादी रोकने के साथ-साथ सड़क पर पानी जमा होने की समस्या को भी गंभीरता से लिया जाए।
समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सभापति विनय गोयनका ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। सफाई, पेयजल, सीवरेज, सड़क और जल निकासी जैसी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं को केवल निर्देश देने तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित किया जाए। संबंधित कर्मचारियों को वार्डों में नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और स्थानीय लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सभापति के औचक निरीक्षण से स्थानीय लोगों में वार्डों की समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है।
जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान भाजपा नगर मंडल प्रभारी, पार्षद अनुराग शर्मा, संजू घनश्याम खटीक, प्रियंका सेन, सुनीता प्रजापत, अमर मोरानी, हनुमान माटोलिया, यादवेंद्र वशिष्ठ, श्रीराम शर्मा, जयप्रकाश प्रजापत, गौरीशंकर शर्मा, दीनदयाल सैनी, राजेश माटोलिया सहित अन्य कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।













