Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू में 70वीं जिला स्तरीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का समापन, विजेता खिलाड़ियों...

चूरू में 70वीं जिला स्तरीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का समापन, विजेता खिलाड़ियों को मिले मेडल

चूरू में 70वीं जिला स्तरीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता 2026 के समापन समारोह में सम्मानित विजेता खिलाड़ी

14 वर्ष आयु वर्ग की प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर; अतिथियों ने अनुशासन, एकाग्रता और खेल भावना के महत्व पर दिया जोर

चूरू। पुनीत सोनी
खेमका राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, चूरू में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय राइफल शूटिंग खेलकूद प्रतियोगिता-2026 (14 वर्ष आयु वर्ग) का समापन समारोह उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और निरंतर अभ्यास करते हुए सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता यूसीईओ गोयनका चूरू के ओम प्रकाश फगेडिया ने की, जबकि मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चूरू गिरधारी सिंह शेखावत रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा अर्जुन सिंह राठौड़, सहायक निदेशक मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय शिवराज सिंह, एसएमसी अध्यक्ष यासीन खान, उस्मान अंसारी, वार्ड संख्या 58 के पार्षद अजीज भंवरू खान, वार्ड संख्या 57 के पार्षद मोहम्मद सलीम पावटिया एवं सुनील कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

विजेता खिलाड़ियों को मेडल और टी-शर्ट देकर किया सम्मानित

विद्यालय के संस्था प्रधान रूप सिंह निर्बाण ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए निर्णायक मंडल और प्रतिनियुक्त स्टाफ का सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार जताया।इस अवसर पर उस्मान अंसारी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए और उन्हें निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पार्षद अजीज भंवरू खान ने विजेता खिलाड़ियों को टी-शर्ट भेंट की, जबकि भामाशाह सुनील कुमार शर्मा ने प्रतिनियुक्त स्टाफ को बैग प्रदान किए।

शूटिंग से विकसित होती है एकाग्रता और अनुशासन की भावना

मुख्य अतिथि गिरधारी सिंह शेखावत ने कहा कि शूटिंग जैसे खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन और एकाग्रता की भावना विकसित होती है। ये गुण जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करने में सहायक होते हैं।अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अर्जुन सिंह राठौड़ ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के समस्त स्टाफ और प्रतिनियुक्त शारीरिक शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

हार से सीख लेकर आगे बढ़ें खिलाड़ी : फगेडिया

अध्यक्षीय उद्बोधन में ओम प्रकाश फगेडिया ने कहा कि खेल में हार और जीत दोनों ही जीवन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हार से सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

आयोजन में इनकी रही भूमिका

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में वीरेंद्र सिंह, प्रताप बेनीवाल, कमलेश शर्मा, विजय लक्ष्मी शर्मा, मंजू पूनिया सहित समस्त प्रतिनियुक्त स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायक की भूमिका जय सिंह झाझड़िया एवं मनोज सिंह ने निभाई।कार्यक्रम का संचालन अध्यापक मुबारिक ने किया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Advertisement