Advertisement
Home राजस्थान चूरू प्रदर्शनी में दिखनी चाहिए जिले की उपलब्धियां — संदेश नायक

प्रदर्शनी में दिखनी चाहिए जिले की उपलब्धियां — संदेश नायक

जिला कलक्टर संदेश नायक ने राज्य सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए निर्देश

चूरू। राज्य सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला स्तर पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर जिला कलक्टर संदेश नायक ने गुरुवार को राजीव गांधी सेवा केंद्र में अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक निर्देश दिए।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदर्शनी आायेजन एवं पुस्तिका प्रकाशन सहित विभिन्न कार्यक्रम किए जाने हैं। इसलिए सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित उपलब्धियों, विकास कार्यक्रमों, नवाचारों, जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की सूचना तैयार कर भिजवाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि पुस्तिका एवं प्रदर्शनी में समस्त विभागों की सक्रिय सहभागिता दिखे। उन्होंने कहा कि इस एक वर्ष की अवधि में विभिन्न विभागों की ओर से अनेक उपलब्धियां अर्जित कर आमजन को लाभान्वित किया गया है। साथ ही भरपूर संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं दी जा रही हैं। ऎसे में इन योजनाओं का समुचित प्रचार-प्रसार भी होना चाहिए ताकि दूसरे लोगों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचे और वे भी इनसे लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि सभी विभागों द्वारा उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की गई हैं तथा जिला बीस सूत्री कार्यक्रम में भी जिला पूरे प्रदेश में अव्वल रहा है। यह उपलब्धियां पुस्तिका एवं प्रदर्शनी में दिखनी चाहिए तथा लोगों को इनकी जानकारी मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रभारी मंत्री द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पूर्ण किए गए उद्घाटन योग्य कार्यों की सूची भी मुहैया कराएं तथा कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं में लाभ वितरण लाभार्थियों को किया जाए। उन्होंने बताया कि एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किए जाने वाले प्रदर्शनी आदि कार्यक्रमों के लिए अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ नरेंद्र चौधरी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इस दौरान पीआरओ कुमार अजय, एडिशनल एसपी योगेंद्र फौजदार, कोषाधिकारी रामधन, पीएचईडी एक्सईएन रामकुमार झाझड़िया, सीताराम जांगिड़ सहित समस्त विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Advertisement