ग्राम पंचायत में एसटी वर्ग का एक भी मतदाता नहीं होने का दावा, आरक्षण आवंटन पर उठाए सवाल; जिला प्रशासन ने राज्य निर्वाचन आयोग से मांगे दिशा-निर्देश
चूरू। राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की नवसृजित ग्राम पंचायत लुद्दी झाबर में सरपंच पद के लिए अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग का आरक्षण आवंटित किए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में एसटी वर्ग का एक भी मतदाता नहीं है। ऐसे में इस आरक्षण के तहत सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ने वाला प्रत्याशी कहां से आएगा? इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करवाई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पंचायत समिति राजगढ़ के सभागार में ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं पंच पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली गई थी। इस दौरान नवसृजित ग्राम पंचायत लुद्दी झाबर में सरपंच पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हुआ। लॉटरी में आरक्षण आवंटित होने के बाद ग्रामीणों ने इस पर सवाल उठाए। गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में इस मुद्दे पर हंगामे की स्थिति भी बनी। इसके बाद शाम को ग्राम पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर से मिला।
ग्रामीणों ने कहा—गांव में एसटी मतदाता नहीं, फिर कौन लड़ेगा चुनाव?
शुक्रवार को सरपंच प्रतिनिधि नवीन रेपसवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को अपनी समस्या से अवगत करवाते हुए कहा कि जब ग्राम पंचायत में एसटी वर्ग का एक भी मतदाता नहीं है, तो सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ने वाला उम्मीदवार कहां से आएगा। ग्रामीणों ने आरक्षण आवंटन पर पुनर्विचार करने की मांग उठाई।
राज्य निर्वाचन आयोग से मांगे गए दिशा-निर्देश
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद जिला कलेक्टर ने उन्हें बताया कि इस मामले से राज्य निर्वाचन आयोग को अवगत करवा दिया गया है। आयोग से दिशा-निर्देश प्राप्त किए जा रहे हैं। इसके साथ ही ग्राम पंचायत की रिपोर्ट भी शुक्रवार को मंगवाकर आगे भेजी जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से मामले का समाधान निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा—हर स्तर पर लड़ेंगे लड़ाई
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे सरपंच प्रतिनिधि नवीन रेपसवाल ने कहा कि लुद्दी झाबर ग्राम पंचायत के साथ अन्याय हुआ है। ग्रामीण इस मामले में चुप नहीं बैठेंगे और अपने हक के लिए हर स्तर पर मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे।इस दौरान सुबेसिंह महला, रामचंद्र खीचड़, कृष्ण पूनिया, राजेश शर्मा, उम्मेद सिंह सिहाग, रामफल, रामकिशन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अब इस मामले में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश और ग्राम पंचायत की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं।
















