चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल अधिकारिता विभाग की टीम ने आरपीएफ के सहयोग से चलाया सर्च ऑपरेशन, संरक्षण में लेकर शुरू की पूछताछ व काउंसलिंग
चूरू। चूरू रेलवे स्टेशन पर शनिवार को भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान के तहत चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल अधिकारिता विभाग और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। आरपीएफ के सहयोग से स्टेशन परिसर में सघन जांच-पड़ताल की गई। इस दौरान करीब 11 वर्षीय नाबालिग बालक भिक्षावृत्ति करते हुए मिला।
बालक के मिलने के बाद टीम ने उसे विभागीय संरक्षण में लिया और उसकी पूछताछ एवं काउंसलिंग शुरू की। विभागीय टीम बालक के रेलवे स्टेशन तक पहुंचने, उसके परिवार और भिक्षावृत्ति से जुड़े परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
बालक को भिक्षावृत्ति के लिए छोड़ने की सूचना
चाइल्ड हेल्पलाइन एवं बाल अधिकारिता विभाग के परियोजना अधिकारी पन्ने सिंह ने बताया कि शाम करीब 6 बजे आरपीएफ के सहयोग से टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर की जांच की। इसी दौरान बालक भिक्षावृत्ति करते हुए मिला।उन्होंने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि किसी व्यक्ति द्वारा बालक को रेलवे स्टेशन पर भिक्षावृत्ति करवाने के उद्देश्य से छोड़ा गया हो सकता है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है और विभागीय टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
जांच के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई
पन्ने सिंह ने बताया कि बालक को विभागीय संरक्षण में रखकर उसकी काउंसलिंग और पूछताछ की जाएगी। साथ ही उसके परिवार, स्टेशन तक पहुंचने की परिस्थितियों और भिक्षावृत्ति से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी।उन्होंने कहा कि यदि जांच में बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह कार्रवाई भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान के तहत की गई।












