एनईपी -2020 के कक्षा-कक्ष क्रियान्वयन और नवाचारों की सराहना, डिजिटल व समग्र शिक्षा के प्रयास बने आकर्षण का केंद्र
झुंझुनू।अजीत जांगिड़
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षक प्रशिक्षण में नवाचार तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को देखने के लिए झारखंड शिक्षा विभाग की टीम ने डाइट झुंझुनूं के 21वीं सदी के रिसोर्स एवं वेलनेस सेंटर का विजिट किया। टीम ने सेंटर की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों तथा नवाचार आधारित शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया और डाइट की पहल को उपयोगी बताया।

डाइट प्रधानाचार्या सुमित्रा झाझड़िया ने झारखंड से आई टीम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी की शिक्षा केवल विषयगत ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आलोचनात्मक चिंतन, संचार कौशल, सहयोग, जीवन कौशल और भावनात्मक स्वास्थ्य जैसे गुणों का विकास भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि डाइट झुंझुनूं शिक्षक प्रशिक्षण को इन आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक प्रभावी, व्यावहारिक और नवाचारपूर्ण बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
डाइट के प्रभागाध्यक्ष प्रमेन्द्र कुल्हार ने सेंटर की परिकल्पना और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 21वीं सदी के रिसोर्स एवं वेलनेस सेंटर के माध्यम से शिक्षकों और विद्यार्थियों को तकनीक, नवाचार, जीवन कौशल तथा वेलनेस से जोड़ते हुए भविष्य की शिक्षा के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनईपी -2020 के अनुरूप कक्षा-कक्ष को अधिक गतिशील, विद्यार्थी-केंद्रित, अनुभवात्मक और कौशल आधारित बनाने के लिए डाइट द्वारा विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है।
डाइट प्रभागाध्यक्ष दीपेन्द्र बुडानिया ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब इसके प्रावधान कक्षा-कक्ष की शिक्षण प्रक्रिया में दिखाई दें। इसी उद्देश्य से डाइट द्वारा शिक्षक प्रशिक्षण और अकादमिक सहयोग के माध्यम से कक्षा-कक्ष में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।विजिट के दौरान झारखंड शिक्षा विभाग की टीम ने सेंटर में उपलब्ध संसाधनों, तकनीकी नवाचारों, शिक्षक प्रशिक्षण की गतिविधियों, वेलनेस संबंधी प्रयासों तथा अनुभवात्मक अधिगम की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
इस दौरान एनईपी -2020 के प्रभावी क्रियान्वयन और शिक्षा में तकनीक के उपयोग को लेकर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। झारखंड से आई टीम ने सेंटर की कार्यप्रणाली और नवाचार आधारित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के रिसोर्स सेंटर बदलते शैक्षणिक परिवेश के अनुरूप शिक्षकों को तैयार करने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विजन को कक्षा-कक्ष से लेकर जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। विजिट के दौरान झारखंड टीम से रणजीता गांधी, पिरामल फाउंडेशन से राजेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।












