4 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर पर होगा नशामुक्त दौड़ का आयोजन, रतनगढ़ में अणुव्रत समिति की बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
चूरू । पुनीत सोनी
अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी रतनगढ़ के नशामुक्ति अभियान के तहत आगामी 4 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले ‘नशामुक्त परिवार—नया दौर, नई दौड़’ कार्यक्रम के बहुरंगी ब्रोशर का गुरुवार को स्थानीय तेरापंथ भवन में लोकार्पण किया गया।जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा के अध्यक्ष मोतीलाल तातेड़ ने ब्रोशर का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नशा परिवार और समाज के लिए गंभीर समस्या है तथा इसके दुष्प्रभावों से मानवीय मूल्यों पर भी असर पड़ता है। उन्होंने नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और इसके दुष्प्रभावों से लोगों को बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
अणुव्रत समिति की बैठक में कार्यक्रमों पर चर्चा
ब्रोशर लोकार्पण के बाद आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अणुव्रत समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति अध्यक्ष कुलदीप व्यास ने राज्य स्तरीय अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट, प्रबोधन प्रतियोगिता, सदस्यता अभियान, उद्बोधन सप्ताह और अणुव्रत राष्ट्रीय अधिवेशन सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।समिति के सहमंत्री एवं एसीसी संयोजक नरेंद्र सांकृत्य ने बताया कि 26 सितंबर को नोखा में राज्य स्तरीय अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट आयोजित होगा। इसमें भाग लेने वाली चूरू जिले की टीम रतनगढ़ से सुबह 6 बजे बस से रवाना होगी।
4 अक्टूबर को होगी नशामुक्त दौड़
नशामुक्त दौड़ के प्रभारी प्रभात बील ने बताया कि नशे के खिलाफ जनजागरण के उद्देश्य से 4 अक्टूबर को नशामुक्त दौड़ आयोजित की जाएगी। यह दौड़ केपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लूंछ तक आयोजित होगी।बैठक के समापन पर अणुव्रत विश्व भारती की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर प्रताप बोथरा, वेदप्रकाश चौधरी, दौलतराम दायमा, बजरंग लाल बोथरा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।













