भाजपा जिला कार्यालय से हुआ शुभारंभ, 14 अगस्त को सालासर में होगा समापन; संत रविदास के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

चूरू। भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को रामसरा रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय से भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। जयपुर से पहुंचे पावन कलश की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इसे चूरू लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और शहरों के लिए रवाना किया गया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, लोकसभा रथ प्रभारी डॉ. वासुदेव चावला, सहप्रभारी राकेश जांगिड़, जिला संयोजक भास्कर शर्मा तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री सीताराम लुगरिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर संत रविदास महाराज के जयघोष के साथ यात्रा को रवाना किया।भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी समाज को समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देती हैं। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ हुए समरसता संकल्प अभियान के तहत यह कलश यात्रा चूरू लोकसभा क्षेत्र के सभी गांवों और शहरों में पहुंचेगी, जहां आमजन और कार्यकर्ता कलश के दर्शन एवं पूजन कर सकेंगे।लोकसभा रथ प्रभारी डॉ वासुदेव चावला ने कहा कि संत रविदास ने समरस एवं समानतापूर्ण समाज की स्थापना का संदेश दिया था। उन्होंने संत रविदास के प्रसिद्ध वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।सहप्रभारी राकेश जांगिड़ ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को समरसता संकल्प यात्रा से जोड़ने का आह्वान किया। वहीं जिला संयोजक भास्कर शर्मा ने बताया कि कलश यात्रा रामनगर चौराहे से होते हुए चूरू लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचेगी, जहां जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आमजन इसका स्वागत करेंगे। यात्रा का समापन 14 अगस्त को सालासर में होगा।कार्यक्रम में विधानसभा संयोजक पदमसिंह राठौड़, सीताराम लुगरिया, मंडल प्रभारी सुरेश सारस्वत, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र राकसिया, नेता प्रतिपक्ष विमला गढ़वाल, रचना कोठारी, जिला उपाध्यक्ष मोहन खारड़िया, जिला प्रवक्ता महेश मिश्रा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गोपाल बालाण, भागीरथ सैनी, आकाश सैनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया संयोजक रवि दाधीच ने किया।












