छात्रसंघ चुनाव बहाली और छात्रावास शुरू करने की मांग को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन, तीन दिन का अल्टीमेटम

उपमुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, छात्रहितों से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) चूरू इकाई ने गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव बहाली, राजकीय लोहिया महाविद्यालय के छात्रावास को पुनः प्रारंभ करने तथा उच्च शिक्षा से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा के नाम प्राचार्य के माध्यम से दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। परिषद ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।ज्ञापन में एबीवीपी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक नेतृत्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इन्हें शीघ्र बहाल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में समान अकादमिक कैलेंडर लागू करने, रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर नियमित नियुक्तियां करने, राजकीय महाविद्यालयों में स्थायी प्राचार्यों की नियुक्ति तथा सभी विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के स्वतंत्र विभाग स्थापित करने की भी मांग की गई।दूसरे ज्ञापन में राजकीय लोहिया महाविद्यालय के छात्रावास को पुनः शुरू करने की मांग उठाई गई। परिषद का कहना है कि छात्रावास बंद होने से दूरदराज़ और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आवास संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।जिला संयोजक नरेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि एबीवीपी हमेशा छात्रहितों की आवाज़ को मजबूती से उठाती रही है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनावों की बहाली, समयबद्ध शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। परिषद विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।विभाग संयोजक कुलदीप जागावत ने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों को समयबद्ध शिक्षा, नियमित परीक्षाएं और आवश्यक सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने सरकार से छात्रहितों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो एबीवीपी आंदोलन को और तेज करेगी।