पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चूरू का वार्षिकोत्सव-2026 हर्षोल्लास के साथ संपन्न

जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा रहे मुख्य अतिथि; विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश, मेधावी विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को किया सम्मानित

चूरू। अमित कुमार
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चूरू में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद रहे। प्राचार्य कृष्ण सिंह चौहान ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि श्रेष्ठ चरित्र, अनुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त आधार है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के नागरिक हैं और उनके व्यक्तित्व का निर्माण ही एक सशक्त एवं विकसित भारत की नींव तैयार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहें, बल्कि खेल, कला, सामाजिक सरोकार और नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने जिज्ञासु बने रहने, निरंतर सीखते रहने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें दृढ़ संकल्प एवं परिश्रम से प्राप्त करने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, वृद्धाश्रम की संवेदनाएं तथा सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर आधारित संदेशपरक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित अभिभावकों एवं दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की। प्राचार्य ने विद्यालय की वर्षभर की उपलब्धियों एवं पीएम श्री योजना के अंतर्गत किए जा रहे नवाचारों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने विद्यालय की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना एवं संवेदनशीलता जगाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों, खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय का नाम गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों तथा विभिन्न पाठसहगामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा प्राचार्य एवं शिक्षकों को भी प्रशस्ति-पत्र भेंट किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। धन्यवाद ज्ञापन राजेश कुमार ने किया।

यह भी पढ़े :— सघन हैल्थ स्क्रीनिंग अभियान : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर 6208 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच 

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चंदेल नगर में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान | जलदाय विभाग को आंदोलन की चेतावनी | Churu News