डेढ़ लाख रुपये कीमत का मादक पदार्थ बरामद, तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त
चूरू। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन नकेल के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 9 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।कोतवाली थाना के सब इंस्पेक्टर कृष्णाराम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसआई बलवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार रात कस्बा चौकी भवन के सामने नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया।पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान शेखावत कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय सोयल काजी के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में रखी 9 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह मादक पदार्थ शेखावत कॉलोनी निवासी नितेश कुमार से लेकर अनीश नामक युवक तक पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की आगे की जांच रतननगर थाना प्रभारी रामनिवास को सौंपी गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क और मादक पदार्थ की सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।कोतवाली थाना पुलिस की इस कार्रवाई में कॉन्स्टेबल सुनील धायल और नवीन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब मामले में मादक पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।













