एंटी रोमियो स्क्वाड से अभद्रता और हंगामे के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
चूरू। शहर के नेचर पार्क में मंगलवार को एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने एक युवक को नाबालिग लड़की के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने पर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान युवक द्वारा पुलिस टीम से अभद्र व्यवहार और हंगामा करने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।एंटी रोमियो स्क्वाड की सदस्य लक्ष्मी ने बताया कि टीम नियमित गश्त के दौरान नेचर पार्क पहुंची थी। इसी दौरान पार्क में एक युवक और नाबालिग लड़की संदिग्ध अवस्था में मिले।पुलिस पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान फतेहपुर के वार्ड संख्या 25 निवासी 23 वर्षीय समीर के रूप में बताई, जो वर्तमान में चूरू के धोबी चौक, नई सड़क स्थित अपने ननिहाल में रह रहा है।पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान समीर अचानक उत्तेजित हो गया और टीम के साथ बहस करते हुए हंगामा करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे शांत रहने और सहयोग करने की समझाइश दी, लेकिन वह लगातार आक्रामक रवैया अपनाता रहा और कथित रूप से झगड़े पर उतारू हो गया।स्थिति को देखते हुए एंटी रोमियो स्क्वाड ने शांति भंग और संभावित संज्ञेय अपराध की आशंका के मद्देनजर युवक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, नाबालिग लड़की की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे आवश्यक पूछताछ के बाद उसके भाई के सुपुर्द कर दिया गया।पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।













