जिला स्तरीय कार्यक्रम में चूरू विधायक हरलाल सहारण सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारियों ने की शिरकत
चूरू। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23 वीं किस्त जारी कर किसानों को सौगात दी। इस अवसर पर देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। इसी क्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23 वीं किस्त जारी किए जाने हेतु शनिवार को डीओआईटी वीसी सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिले के लगभग 2.52 लाख किसानों को कुल 50 करोड़ 40 लाख रुपये की राशि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के रूप में प्राप्त होने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में चूरू विधायक हरलाल सहारण, एसडीएम धीरज झाझड़िया, वासुदेव चावला, कृषि संयुक्त निदेशक धर्मवीर डूडी, दी चूरू सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड प्रबंध निदेशक मदन शर्मा, कॉपरेटिव डीआर निशा कुमारी, कृषि सहायक निदेशक कुलदीप शर्मा सहित जिले के प्रगतिशील किसान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय स्तर व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य स्तर से संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय में स्थिरता प्रदान करने तथा कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने किसानों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की। उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने किसानों को डिजिटल कृषि मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की।













