डॉ. एम.एम. पुकार ने किया स्वास्थ्य का जायजा, आंखों के इशारों से दे रहा सकारात्मक प्रतिक्रिया
चूरू। राजकीय डीबी अस्पताल में भर्ती 35 वर्षीय प्रकाश नायक की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। युवक ने अपने ननिहाल में धारदार हथियार से स्वयं का गला काट लिया था, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वर्तमान में वह मेडिसिन आईसीयू (एमआईसीयू) वार्ड में उपचाराधीन है।मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. एम.एम. पुकार ने शनिवार को एमआईसीयू वार्ड पहुंचकर प्रकाश की स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की तुलना में शनिवार को मरीज की हालत में काफी सुधार देखा गया है। प्रकाश अब आंखों के इशारों से अपनी स्थिति के बारे में सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहा है।
केवल सपोर्ट पर है वेंटिलेटर
डॉ. पुकार ने बताया कि मरीज पूरी तरह वेंटिलेटर पर निर्भर नहीं है। उसे केवल आवश्यक सपोर्ट दिया जा रहा है और यदि सुधार इसी तरह जारी रहा तो रविवार को वेंटिलेटर हटाया जा सकता है।उन्होंने बताया कि फिलहाल मरीज को नली के माध्यम से दूध, पानी, नारियल पानी और दाल का पानी सीमित मात्रा में दिया जा रहा है। वेंटिलेटर हटने के बाद उसकी डाइट को धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा।
दो घंटे के ऑपरेशन से बची थी जान
गौरतलब है कि नवलगढ़ के कल्याणपुरा निवासी प्रकाश नायक अपने ननिहाल रामगढ़ क्षेत्र में आया हुआ था। इसी दौरान उसने धारदार चाकू से अपना गला काट लिया था। गंभीर हालत में उसे पहले रामगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया। डीबी अस्पताल पहुंचने पर युवक की स्थिति बेहद गंभीर थी और उसे अन्यत्र रेफर करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान डॉ. एम.एम. पुकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। डॉ. पुकार और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने करीब दो घंटे तक ऑपरेशन कर युवक की जान बचाई।
आपातकालीन सर्जरी में फिर दिखाई विशेषज्ञता
डॉ. पुकार इससे पहले भी डीबी अस्पताल में कई गंभीर और जटिल मामलों में आपातकालीन सर्जरी कर मरीजों को नया जीवन दे चुके हैं। प्रकाश नायक के मामले में भी समय रहते किए गए ऑपरेशन और बेहतर चिकित्सकीय देखभाल के चलते उसकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।












