रेल फाटक के जाम से जल्द मिलेगी राहत: विधायक भाम्बू ने निर्माणाधीन आरओबी का किया निरीक्षण
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने पुलिस लाइन के समीप स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या 265 (एलसी-265) पर निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक भांबू ने आरएसआरडीसी अधिकारियों से परियोजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों, तकनीकी पहलुओं तथा निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और परियोजना को तय समय में पूर्ण किया जाए। विधायक भांबू ने कहा कि यह रेलवे ओवर ब्रिज झुंझुनूं शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजना है। इसके पूरा होने से रेल फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी, यातायात व्यवस्था अधिक सुगम बनेगी तथा समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। भांबू ने कहा कि विकास कार्यों की वास्तविक सफलता उनकी गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता में निहित होती है।निरीक्षण के दौरान आरएसआरडीसी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, ठेकेदार प्रतिनिधि तथा भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। विधायक ने मौके पर परियोजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए और कार्य की प्रगति पर नियमित निगरानी बनाए रखने की बात कही।













