सिंघाना में ग्राम विकास कार्यक्रम के तहत बैठक का आयोजन

 गांवों को आदर्श बनाने के लिए चलेगा विशेष अभियान

खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना कस्बे में सोमवार को ग्राम विकास कार्यक्रम के तहत प्रमुख लोगों की बैठक आयोजित की गई। ग्राम विकास विभाग के संयोजक चिरंजीलाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में गांवों को आदर्श बनाने के अभियान को लेकर चर्चा की गई। वहीं आदर्श गांव निर्माण की आवश्यकता, प्रक्रिया और रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और अर्थव्यवस्था गांव आधारित रही है, लेकिन आधुनिकीकरण और औद्योगीकरण की दौड़ में गांवों की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। इसके दुष्परिणाम आज समाज के सामने दिखाई दे रहे हैं। इसलिए गांवों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देकर उन्हें विकसित और आदर्श बनाना जरूरी है। बैठक में बताया गया कि गांवों को नशामुक्त, कर्जमुक्त, संघर्षमुक्त, अपराधमुक्त, प्लास्टिकमुक्त और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण एवं गो आधारित जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 15 से 30 मई तक गांव-गांव में विस्तारक भेजे जाएंगे, जो गांवों में संपर्क कर प्रमुख एवं प्रभावी लोगों की ग्राम विकास समितियों का गठन करवाएंगे। इसके बाद समितियों के माध्यम से गांवों को क्रमशः उदय ग्राम, प्रभात ग्राम एवं आदर्श ग्राम बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर जिला ग्राम विकास संयोजक रविंद्र कुमार जांगिड़ ने भी संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास में जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में राजेश राणा, दिनेश शर्मा, विक्रम सिंह, डॉ संदीप गुर्जर, संतोष कुमार, नरेश कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।