महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान
खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पचेरीकलां के निहालोठ में आर्य समाज का 24वां स्थापना दिवस सम्मेलन बड़े ही श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ हवन यज्ञ से हुआ, जिसके पश्चात विद्वानों द्वारा भजन, प्रवचन एवं वैदिक उपदेश प्रस्तुत किए गए। सम्मेलन में स्वामी दयानंद सरस्वती जी के आदर्शों, उनकी जीवन पद्धति तथा वेदों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
सम्मेलन में समाज एवं ग्राम के विकास में योगदान देने वाली महिलाओं एवं पुरुषों को सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, अधिकारियों एवं पदाधिकारियों का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में कप्तान जगराम आर्य ने उपस्थित लोगों को कहा कि देश की उन्नति में महापुरुषों का बहुत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राष्ट्र को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के आयोजक कप्तान जगराम आर्य द्वारा समस्त ग्रामवासियों एवं बाहर से आए अतिथियों के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम का संचालन आर्य समाज निहालोठ के समस्त अधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा किया गया। सम्मेलन का वातावरण धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्साह से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम में मुख्य उपदेशक के रूप में बहन कलावती आर्य ब्रह्मवादिनी आश्रम, गंगियार, स्वामी यशदेव, सतवीर आर्य, महाशय बंशीराम कलवाड़ी, राजेंद्र आर्य उटोली, मास्टर हरि सिंह ने भजनों के माध्यम से वैदिक संदेश दिया।










